Gorakhpur में महानवमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कहीं भंडारा तो कहीं लगा मेला

IMG_20261020_012448

Estimated reading time: 1 minute

महानवमी की देर रात तक रहा मेले जैसा माहौल, वैष्णो माता की गुफा से गोलघर तक श्रद्धालुओं की भीड़; रेलवे स्टेशन के सामने रात दो बजे तक चला भंडारा

☕राम प्रताप विश्वकर्मा, चाय पंचायत।

शारदीय नवरात्र की महानवमी की रात Gorakhpur में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर की सड़कों से लेकर पूजा पंडालों तक आस्था का ऐसा दृश्य नजर आया कि कई जगह पंडाल श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे छोटे पड़ गए। कहीं मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगीं तो कहीं आकर्षक सजावट और अनूठी थीम पर सजे पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में मां के दर्शन को लेकर उत्साह दिखा। पंडालों के आसपास सजी दुकानों और खरीदारी करते लोगों ने माहौल को मेले जैसा बना दिया।

कूड़ाघाट तिराहे पर वैष्णो माता की गुफा में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। गुफा के भीतर मां के दर्शन करने के लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। मोहद्दीपुर चौराहे से सूबा बाज़ार तक सड़क के दोनों ओर सजे पूजा पंडालों में भी देर रात तक भीड़ जुटी रही। बेतियाहाता, गोरखनाथ रोड, रुस्तमपुर, नहर रोड, धर्मशाला बाजार, असुरन चौक, मेडिकल कॉलेज रोड और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी यही नजारा देखने को मिला।

कहीं गुफा तो कहीं अनूठी थीम पर सजे पंडाल

शहर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु एक पंडाल से दूसरे पंडाल तक पहुंचते रहे। अलग-अलग स्थानों पर साज-सज्जा और प्रतिमाओं की विविधता लोगों को आकर्षित करती रही। दुर्गाबाड़ी और साहबगंज गुड़ मंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सजे पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कहीं भव्य सजावट तो कहीं अलग थीम के माध्यम से मां के विभिन्न स्वरूपों को प्रस्तुत किया गया था। परिवार के साथ निकले लोग प्रतिमाओं के दर्शन करने के साथ पंडालों की सजावट को भी निहारते रहे।

खिलौनों से सौंदर्य सामग्री तक की दुकानों पर रौनक

पूजा पंडालों के आसपास अस्थायी दुकानें भी सजाई गई थीं। कहीं गुब्बारे और खिलौने बिक रहे थे तो कहीं बांसुरी और सौंदर्य सामग्री की दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही थीं। दर्शन के लिए आए परिवारों ने पूजा-अर्चना के साथ खरीदारी भी की। बच्चों में खिलौने और गुब्बारे खरीदने का उत्साह दिखा। श्रद्धालुओं की आवाजाही से प्रमुख चौराहों और बाजारों में देर रात तक चहल-पहल बनी रही।

रेलवे स्टेशन के सामने रात दो बजे तक चला भंडारा

महानवमी पर रेलवे स्टेशन के सामने सत्यम होटल के निकट राज सिंह की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। शाम पांच बजे से शुरू हुआ प्रसाद वितरण रात दो बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। भाजपा के जिला महामंत्री डा. योगेश प्रताप सिंह और मिर्च मसाला रेस्टोरेंट के संचालक भोला सहित कई लोगों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। देर रात तक भंडारे में लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

माता की चौकी और भंडारों में जुटे श्रद्धालु

शहर के विभिन्न स्थानों पर माता की चौकी का आयोजन भी किया गया। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने मां की आराधना की। कई जगह प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण किया।

गोलघर में रात एक बजे तक चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालु काली मंदिर में दर्शन-पूजन करते रहे। मंदिर के समीप स्थापित मां दुर्गा के पंडाल में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महानवमी की रात शहर के अलग-अलग इलाकों में उमड़ी भीड़ ने नवरात्र के उत्सव को खास बना दिया। मां के दर्शन, पंडालों की भव्यता, भजन-कीर्तन और बाजारों की रौनक से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।

Leave a Reply