Estimated reading time: 1 minute
सांसद रहते 2009 में शुरू किया था दीपोत्सव का सिलसिला, मुख्यमंत्री बनने के बाद भी नहीं टूटी परंपरा; 52 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
गोरखपुर। वनटांगिया समुदाय के लोगों के लिए दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि अपनेपन और सम्मान का उत्सव भी है। करीब सौ वर्षों तक उपेक्षा और बदहाली का जीवन जीने वाले इस समुदाय के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक बार फिर दीपावली मनाएंगे। कुसम्ही जंगल स्थित वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। ग्रामीण अपने घरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट में जुटे हैं। प्रशासन भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है।
मुख्यमंत्री वनटांगिया परिवारों के साथ दीपोत्सव मनाने के साथ ही 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 77.97 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का शिलान्यास और 4.43 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। वनटांगिया गांव की बाहरी कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़क, कुसम्ही जंगल में ईको पार्क और पिपराइच में वैश्विक नगर बाजार का निर्माण प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वनटांगिया समुदाय से विशेष जुड़ाव रहा है। सांसद और गोरक्षपीठ के उत्तराधिकारी के रूप में उन्होंने इस समुदाय के बीच दीपावली मनाने की परंपरा शुरू की थी। वर्ष 2009 से शुरू हुआ यह सिलसिला मुख्यमंत्री बनने के बाद भी जारी है। उनकी दीपावली की शुरुआत जंगल तिकोनिया नंबर तीन से होती है। हर साल वह यहां बच्चों को मिठाई, उपहार और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री देकर प्रोत्साहित करते हैं। ग्रामीणों को भी विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देते हैं।
जंगल बसाया, लेकिन अधिकारों से रहे वंचित
वनटांगिया समुदाय का इतिहास संघर्ष और उपेक्षा से जुड़ा रहा है। ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे के स्लीपर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर साखू के पेड़ों की कटाई की गई। जंगलों की भरपाई के लिए अंग्रेज सरकार ने गरीब भूमिहीनों और मजदूरों को जंगल में बसाकर नए पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी। इसके लिए वर्मा देश में प्रचलित टांगिया पद्धति अपनाई गई। इसी पद्धति के तहत जंगल में रहकर पौधों की देखभाल करने वाले लोग वनटांगिया कहलाए।
कुसम्ही जंगल के जंगल तिकोनिया नंबर तीन, रजही खाले टोला, रजही नर्सरी, आमबाग नर्सरी और चिलबिलवा में वर्ष 1918 में पांच बस्तियां बसाई गईं। इसके अलावा महराजगंज के जंगलों में भी इनके 18 गांव विकसित हुए। देश आजाद होने के बाद भी वनटांगिया समुदाय के लोगों की स्थिति में बदलाव नहीं आया। उन्हें सामान्य नागरिकों की तरह अधिकार और सुविधाएं नहीं मिल सकीं। जंगल में झोपड़ी बनाने के अलावा निर्माण की अनुमति नहीं थी। पेड़ों के पत्ते बेचने और मजदूरी के सहारे आजीविका चलती थी। वन विभाग की ओर से बेदखली की कार्रवाई का भय भी बना रहता था।
9
शिक्षा और स्वास्थ्य से शुरू हुई बदलाव की पहल
वर्ष 1998 में पहली बार गोरखपुर के सांसद बने योगी आदित्यनाथ को जब वनटांगिया बस्तियों की बदहाली की जानकारी हुई तो उन्होंने इनके बीच शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास शुरू किया। इस काम में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की संस्थाओं एमपी कृषक इंटर कालेज और एमपीपीजी कालेज जंगल धूसड़ के साथ गोरखनाथ मंदिर के गुरु श्री गोरक्षनाथ अस्पताल की मोबाइल चिकित्सा सेवा को लगाया गया।
जंगल तिकोनिया नंबर तीन में वर्ष 2003 से शुरू हुए प्रयास 2007 तक आकार लेने लगे। वनटांगिया समुदाय के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए वर्ष 2009 में अस्थायी विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा था। वन विभाग ने इसे अवैध बताते हुए मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से विद्यालय का निर्माण संभव हुआ। आज गोरक्षनाथ हिंदू विद्यापीठ के नाम से संचालित यह विद्यालय वनटांगिया समुदाय के शैक्षिक बदलाव की कहानी बयां कर रहा है।
राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से बदली तस्वीर
वनटांगिया समुदाय को अधिकार दिलाने के लिए योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में भी आवाज उठाई। वर्ष 2010 में उन्हें अपने स्थान पर बने रहने का अधिकार पत्र दिलाने की दिशा में प्रयास किए। मुख्यमंत्री बनने के बाद कार्यकाल के पहले ही वर्ष में वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाया। इसके बाद इन गांवों के लोगों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता खुला।
गोरखपुर और महराजगंज के 23 वनटांगिया गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान, शौचालय, रसोई गैस, राशन कार्ड, आधार कार्ड और कृषि योग्य भूमि के पट्टे जैसी सुविधाएं मिलीं। बच्चों के लिए विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और गांवों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई। पात्र लोगों को वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन का लाभ भी मिलने लगा।

‘बाबा के बिना तिउहार अधूरा लागेला’
वनटांगिया समुदाय के लोगों के मन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आत्मीयता उनके संबोधन में भी दिखाई देती है। गांव के रामगणेश कहते हैं, ‘महाराज जी नहीं आते तो बदहाली में ही मर-खप जाते।’ वह बताते हैं कि गांव में जो भी विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं, वे बाबा के प्रयासों से संभव हुए हैं। उनके अनुसार, ‘बाबा के गोड़ पड़ल त समझा कि उदयार हो गइल।’ पक्के मकान, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, खेती के लिए जमीन और बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था का जिक्र करते हुए वह कहते हैं, ‘अब त बाबा के बिना तिउहार अधूरा लगेला।’
सड़क, ईको पार्क और बाजार को मिलेगी मंजूरी
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण प्रमुख है। इस पर 3.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे वनटांगिया गांव की बाहरी कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों का आवागमन सुगम बनेगा।
कुसम्ही जंगल में 4.84 करोड़ रुपये की लागत से ईको पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें स्विस कॉटेज समेत पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र में ईको पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं, पिपराइच नगर पंचायत में 1.91 करोड़ रुपये की लागत से वैश्विक नगर बाजार का निर्माण कराया जाएगा। इससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
