गोरखपुर में सीएम योगी का सपा पर हमला, आर्यवर्धन की मौत पर कार्रवाई का भरोसा, जन चौपाल में कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र

IMG-20261120-WA0009

Estimated reading time: 1 minute

जन चौपाल में सपा पर तीखा हमला, आर्यवर्धन की मौत पर जताया आक्रोश; बोले- अराजकता फैलाने वालों को चुकानी पड़ेगी कीमत, कार्यकर्ता बूथ से वार्ड तक मजबूत करें संगठन

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि माफिया और गुंडे साढ़े चार साल तक चूहों की तरह बिलों में दुबके रहते हैं। चुनाव आते ही बाहर निकलकर सड़कों पर मचलने लगते हैं। कल गोरखपुर की सड़कों पर भी ऐसे ही कुछ गुंडे दिखाई दिए। जब इनकी सरकार थी, तब भी हमने इनकी गुंडागर्दी नहीं चलने दी थी। अब ये क्या गुंडागर्दी चला पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, बुद्धि नहीं। सपा-कांग्रेस की सरकार होती तो जिले, मंडलीय मुख्यालय, विकास खंड, तहसील, नगर निकाय और थाने तक नीलाम हो चुके होते। इन पर गुंडों और माफिया का कब्जा होता।

गुरुवार को टाउनहाल मैदान में आयोजित भाजपा की जन चौपाल में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एक ताकत और लगा दें तो भाजपा फिर प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेगी। हर वार्ड में जन चौपाल लगाकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करें और सरकार की उपलब्धियां आंकड़ों के साथ जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने जनगणना-2027 और विशेष मतदाता पुनरीक्षण को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

आर्यवर्धन की मौत पर सपा पर बरसे मुख्यमंत्री, बोले- दोषियों को चुकानी पड़ेगी कीमत

जन चौपाल में संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास विकास कॉलोनी झारखंडी स्थित भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक ओंकार सिंह के आवास पहुंचकर उनके 14 वर्षीय पुत्र आर्यवर्धन सिंह को श्रद्धांजलि दी। बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के काफिले में शामिल वाहन की चपेट में आने से आर्यवर्धन की मृत्यु हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने आर्यवर्धन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के गुंडों ने मासूम आर्यवर्धन को कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की है। उन्होंने कहा कि जिसने भी अराजकता फैलाकर भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिसने भी ऐसी हिमाकत की है, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्यवर्धन एक स्वाधीनता संग्राम सेनानी परिवार का सदस्य था। चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े इस परिवार के बुजुर्ग उन 172 क्रांतिकारियों में शामिल थे, जिन्हें ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष के दौरान फांसी की सजा सुनाई गई थी। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पैरवी से जिनकी सजा आजीवन कारावास में बदली थी, उनमें इस परिवार के सदस्य भी थे। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उसके सदस्य के साथ इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 वर्षीय आर्यवर्धन हाईस्कूल का छात्र था और स्कूल से घर लौट रहा था। आरोप लगाया कि जेसीबी से ठोकर लगने के बाद उसके ऊपर जबरन वाहन चढ़ाकर उसकी जान ली गई। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार उसके साथ खड़ी है।

उन्होंने सपा मुखिया और उनके समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं। गुंडागर्दी, उद्दंडता और अराजकता सपा का इतिहास रहा है। प्रदेश में इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

चूहे की तरह बिलों में दुबके रहते हैं माफिया, चुनाव आते ही दिखने लगते हैं

जन चौपाल में मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया प्रवृत्ति के तत्व और आपराधिक प्रवृत्ति के गुंडे साढ़े चार साल तक बिलों में दुबके रहते हैं। चुनाव आते ही फिर बाहर निकलने लगते हैं। उन्होंने कहा कि जब इन गुंडों की सरकार थी, तब भी हमने इनकी गुंडागर्दी नहीं चलने दी थी। इनके कुशासन को कुचलकर रख दिया था। आज माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में 75 जिले, 18 मंडलीय मुख्यालय, 825 विकासखंड, 350 तहसीलें, 762 नगर निकाय और 1,583 थाने हैं। यदि इतने लंबे समय तक सपा या कांग्रेस की सरकार रहती तो इन सभी पर माफिया और गुंडों का कब्जा हो जाता।

उन्होंने कहा कि पहले व्यापारियों को लूटा जाता था, गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और युवाओं की नौकरियों में डकैती पड़ती थी। पूर्ववर्ती सरकारों में दंगाइयों को संरक्षण मिलता था। आज प्रदेश में कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकलती है। काशी विश्वनाथ धाम, नव्य-दिव्य अयोध्या और मथुरा-वृंदावन का विकास प्रदेश की बदली तस्वीर को दिखाता है।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से बदली पूर्वांचल की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से उत्तर प्रदेश में बदलाव आया है। कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। बूथ पर उनकी मेहनत से ही सरकार सड़क को सिंगल लेन से टू लेन और फोरलेन बना पाती है। नए विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पालीटेक्निक और आइटीआइ खुलते हैं।

उन्होंने रामगढ़ताल के सुंदरीकरण, गोड़धोइया नाले के निर्माण, मंदिरों के सुंदरीकरण और गुरुद्वारों के पुनरुद्धार का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी कार्य सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। प्रशासन को निर्देश है कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता आए तो उसे सम्मानपूर्वक बैठाकर उसकी बात सुनी जाए। कार्यकर्ता किसी गरीब को आवास दिलाने, किसी परिवार की वरासत कराने, किसी मोहल्ले को जलभराव से मुक्ति दिलाने या जरूरतमंद को उपचार उपलब्ध कराने के लिए आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतें होती थीं। इसके उन्मूलन के लिए आंदोलन और पदयात्राएं करनी पड़ती थीं। आज यह क्षेत्र इंसेफेलाइटिस से मुक्त हो चुका है और हजारों बच्चों का जीवन सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि अब कोई बीमारी हमारा बाल बांका नहीं कर सकती।

हर वार्ड में जन चौपाल लगाकर लाभार्थियों से करें संवाद

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वार्ड में जन चौपाल लगाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, टैबलेट वितरण और सीएम युवा योजना के लाभार्थियों तक पहुंचने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता को बताएं कि उनके वार्ड में कितने लोगों को आवास मिला, कितने परिवारों को आयुष्मान कार्ड मिला और कितने युवाओं को योजनाओं का लाभ मिला है। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन भी भरवाएं।

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, बुद्धि नहीं। परिवारवादी पार्टियों में सामान्य कार्यकर्ता के लिए शीर्ष पदों तक पहुंचने का रास्ता बंद रहता है। भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन के शीर्ष पद और देश के बड़े संवैधानिक पद तक पहुंच सकता है।

जनगणना और मतदाता पुनरीक्षण को राष्ट्रीय कर्तव्य मानें

मुख्यमंत्री ने जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली ऑनलाइन स्व-गणना में सभी नागरिकों से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिसंबर में जनगणना की टीमें घर-घर पहुंचेंगी। इस अभियान में छह लाख कर्मचारी जुड़े हैं। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए विकास योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भी गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास पर ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। स्व-गणना पोर्टल पर प्रश्नावली के सभी 40 प्रश्नों के जवाब दर्ज किए।

मुख्यमंत्री ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण में भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मृतकों के नाम हटवाएं, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाएं और विवाह के बाद बेटियों का नाम ससुराल की मतदाता सूची में दर्ज कराएं। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम भी सूची में शामिल कराया जाए। इसके लिए नाम जोड़ने में फार्म-6, नाम हटाने में फार्म-7 और संशोधन या स्थानांतरण के लिए फार्म-8 का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का संविधान में विश्वास नहीं है, वे एसआइआर, एसएसआर और हर अच्छे कार्य का विरोध कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने खुद पूरी की स्व-गणना की प्रक्रिया

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने स्व-गणना पोर्टल पर प्रश्नावली के सभी 40 प्रश्नों के जवाब दर्ज किए और प्रदेशवासियों से 30 नवंबर तक चलने वाले अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि स्व-गणना राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवश्यकताओं, आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार है। सभी प्रदेशवासी इसमें सहभागिता सुनिश्चित करें और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान दें। इस अवसर पर प्रदेश की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा उपस्थित रहीं।

Leave a Reply