गीडा में श्रमिकों के लिए बनेगी लेबर डॉर्मिटरी, ठंड में मुफ्त आश्रय और भोजन की भी व्यवस्था

IMG-20261120-WA0021

Estimated reading time: 1 minute

29 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, एक दिसंबर से गोरखपुर समेत 18 महानगरों में खुलेंगे अस्थायी लेबर अड्डे

गोरखपुर। औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों की आवासीय और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गीडा में नई पहल होने जा रही है। गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर 29 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, पुलिया और विद्युत व्यवस्था के विस्तार के साथ श्रमिकों के लिए लेबर डॉर्मिटरी का निर्माण भी शामिल है। वहीं, सर्दी के मौसम में खुले आसमान के नीचे रात बिताने वाले निर्माण श्रमिकों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार एक दिसंबर से गोरखपुर समेत 18 महानगरों में निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे भी शुरू करने जा रही है। यहां श्रमिकों को रात्रि विश्राम के साथ भोजन भी निशुल्क मिलेगा।

गीडा के सेक्टर-15 में लगभग 3.42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लेबर डॉर्मिटरी बनाई जाएगी। इसका शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे। करीब 693 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाला यह भवन जी-प्लस-टू संरचना का होगा। इसमें दूसरे जनपदों और राज्यों से आकर औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी। डॉर्मिटरी में बेड, सामुदायिक रसोई, भोजन कक्ष, शुद्ध पेयजल, शौचालय और स्नानघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग-अलग आवासीय खंड बनाए जाएंगे। परिसर में प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, मनोरंजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

गीडा प्रशासन अपने वित्तीय संसाधनों से इसका निर्माण कराएगा। निर्माण पूरा होने के बाद बेहतर रखरखाव और संचालन के लिए इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर चलाने की योजना है। गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार, इससे बाहरी कामगारों को सुरक्षित और किफायती आवास मिलेगा। साथ ही औद्योगिक इकाइयों को स्थायी श्रमशक्ति उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

ठंड में बिना पंजीकरण भी मिलेगा निशुल्क आश्रय

दूसरी ओर, दिसंबर और जनवरी की कड़ाके की ठंड में निर्माण श्रमिकों और प्रवासी कामगारों को राहत देने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत अस्थायी लेबर अड्डे खोले जाएंगे। एक दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित होने वाले इन केंद्रों पर श्रमिकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। खास बात यह है कि श्रम विभाग में पंजीकरण नहीं होने पर भी कोई वैध पहचान पत्र दिखाकर श्रमिक निशुल्क ठहर सकेंगे।

गोरखपुर के अलावा आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्धनगर में भी ये केंद्र स्थापित किए जाएंगे। श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने इस संबंध में सभी 18 जनपदों के जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी किया है।

लेबर अड्डे रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, श्रमिक मंडियों, बड़े निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास खोले जाएंगे। स्थानीय जरूरत के अनुसार 30 या 60 बेड की क्षमता वाले एक या एक से अधिक केंद्र स्थापित किए जा सकेंगे। महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग-अलग सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था होगी।

बिस्तर, कंबल के साथ गर्म भोजन भी मुफ्त

अस्थायी लेबर अड्डों में श्रमिकों को गद्दा, चादर, तकिया और कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्नानघर की सुविधा भी रहेगी। ठंड से बचाव के लिए सुरक्षित ताप व्यवस्था की जा सकेगी। इसके साथ ही प्रत्येक पात्र श्रमिक को रात में ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन निशुल्क दिया जाएगा। भोजन पर प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च निर्धारित किया गया है। इसकी व्यवस्था सामुदायिक रसोई, स्वयं सहायता समूहों या अधिकृत स्थानीय एजेंसियों के माध्यम से की जाएगी।

प्रत्येक जिले को 10 लाख रुपये का अग्रिम बजट

योजना के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के उपकर कोष से बजट जारी किया गया है। प्रत्येक चयनित जनपद को अग्रिम के रूप में 10 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। दो महीने के संचालन के लिए 30 बेड वाले केंद्र पर 5.92 लाख रुपये और 60 बेड वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये खर्च निर्धारित किए गए हैं। इसमें आवासीय व्यवस्था और भोजन का खर्च शामिल है।

योजना में राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल्स कारीगर समेत भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े सभी श्रमिक पात्र होंगे। केंद्रों पर श्रमिकों के तत्काल पंजीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी रहेगी।

निरीक्षण और जियो टैगिंग से होगी निगरानी

लेबर अड्डों के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दैनिक उपस्थिति रजिस्टर रखा जाएगा। भोजन वितरण और लाभार्थियों की संख्या का सत्यापन जियो टैग फोटो से किया जाएगा। जिलाधिकारी की ओर से नामित नोडल अधिकारी तथा अपर, उप और सहायक श्रमायुक्त नियमित निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक केंद्र के प्रवेश द्वार पर योजना का नाम, बेड की क्षमता, उपलब्ध सुविधाएं, केयरटेकर और नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

⁰

Leave a Reply