बारिश में जलभराव होने पर तुरंत करें फोन, शहरी क्षेत्र में नगर निगम कराएगा जलनिकासी

Estimated reading time: 1 minute

24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी क्विक रिस्पांस टीम

गोरखपुर। बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब बारिश में कहीं भी पानी भरने, नाले-नालियों में अवरोध होने या जलनिकासी प्रभावित होने पर शहरवासी इसकी सूचना सीधे नगर निगम के कंट्रोल रूम को दे सकेंगे। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र में नगर निगम की टीम और पंप भेजकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।
नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। निचले इलाकों में लगे संपवेल और अस्थाई पंपों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें आवश्यकता के अनुसार लगातार संचालित रखा जाए। किसी स्थान पर जलनिकासी में बाधा की सूचना मिलते ही टीम को तत्काल मौके पर भेजकर समस्या दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम ने बारिश के दौरान त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को सक्रिय किया है। यह टीम जलभराव की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी और पंप लगाकर पानी की निकासी कराने समेत आवश्यक कार्रवाई करेगी। रात के समय भी शिकायतों पर कार्रवाई के लिए विशेष रात्रिकालीन टीम तैनात रहेगी।
नगर निगम मुख्यालय का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। यहां अलग-अलग पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि बारिश के दौरान किसी भी समय मिलने वाली सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान अपने आसपास जलभराव होने पर इंतजार न करें, बल्कि तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दें। शिकायत करते समय जलभराव वाले स्थान का सही पता या नजदीकी प्रमुख स्थल जरूर बताएं, जिससे टीम को मौके पर पहुंचने में आसानी हो। जलभराव की सूचना समय पर मिलने से नगर निगम को जलनिकासी की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
इन नंबरों पर दें सूचना
टोल-फ्री : 1533
हेल्पलाइन : 8810709390
कंट्रोल रूम : 0551-2342621

Leave a Reply