सटीक निशाने और संयम से रोहित ने जीता स्नूकर का खिताब

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर क्लब टूर्नामेंट के फाइनल में अतुल मेहरोत्रा को दी शिकस्त
श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया सम्मानित

गोरखपुर। गोरखपुर क्लब लिमिटेड में आयोजित स्नूकर टूर्नामेंट-2026 में रोहित अग्रवाल ने अपने शानदार खेल का लोहा मनवाते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में उन्होंने अतुल मेहरोत्रा को शिकस्त दी। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक मौकों पर रोहित ने बेहतर एकाग्रता, धैर्य और सटीक शॉट के दम पर बाजी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। टेबल पर खिलाड़ियों की हर चाल और हर शॉट पर दर्शकों की नजरें टिकी रहीं। दबाव भरे क्षणों में रोहित ने संयम नहीं खोया और रणनीतिक खेल के जरिये मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया। जीत के बाद क्लब सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं क्लब के वरिष्ठ सदस्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने विजेता रोहित अग्रवाल को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्नूकर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन और रणनीति का खेल है। इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देने के साथ क्लब में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द का वातावरण भी तैयार करती हैं।
क्लब के महासचिव डॉ. संजीव गुलाटी ने कहा कि गोरखपुर क्लब को खेल गतिविधियों का बेहतर केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्नूकर समेत अन्य खेलों की प्रतियोगिताओं को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी खिलाड़ियों, क्लब सदस्यों और दर्शकों के प्रति आभार जताया।
प्रतियोगिता के आयोजन में क्लब के सलाहकार एवं स्टोर सचिव रोहित अग्रवाल तथा बिलियर्ड्स सचिव डॉ. मिहिर कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टूर्नामेंट में अदनान फारुख अली शाह, शैलेश बाजपेयी, अतुल मेहरोत्रा, अमित जालान, आशुतोष अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, डॉ. मिहिर कुमार, गिरेंद्र टेकरीवाल, सुबोध जालान, रंजन गुप्ता, विशाल अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और नील जालान समेत कई खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में डॉ. महेंद्र कुमार, दीपक अत्रे, गौरव जिंदल, डॉ. अभिनव जायसवाल, अभिजीत उपाध्याय, सौरभ कक्कड़ और आलोक अग्रवाल सहित क्लब के अनेक वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्लब में खेल गतिविधियों को लेकर उत्साह बढ़ा है। सदस्यों ने भविष्य में स्नूकर प्रतियोगिता को और व्यापक स्वरूप देने की इच्छा जताई।

Leave a Reply