Categories: CrimeUp

दरोगा ने खून देकर की जान बचाने की कोशिश, केजीएमयू में हुई काजल की मौत से आक्रोश, आरोपितों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। जिले के गगहा इलाके के जगदीशपुर भलुआन गांव में 20 अगस्त की रात बदमाशों की गोली से घायल काजल सिंह (17) की बुधवार को लखनऊ के केजीएमयू में मौत हो गई। उसके पेट में गोली फंसी थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। गगहा थाना पर तैनात दरोगा अमित चौधरी ने भी जरूरत पड़ने पर खून देकर बेटी की जान बचाने की कोशिश की थी। लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। काजल की मौत की सूचना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। बुधवार की रात ही लोग उसके घर जमा हो गए। घटना में शामिल आरोपियों के ​गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25—25 हजार का इनाम जारी किया है।

वीडियो बनाते समय पेट में तमंचे से मार दी थी गोली
काजल के पिता राजू नयन सिंह बांसगांव कचहरी में कर्मचारी हैं। उनका विजय प्रजापति से रुपए के लेनदेन का विवाद था। आरोप है कि 20 अगस्त की रात विजय प्रजापति अपने चार साथियों के साथ आया और दरवाजा खुलवाया। राजू नयन के बाहर आते ही दबंगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। काजल अपने पिता की पिटाई का वीडियो बनाने लगी। इस पर विजय प्रजापति उग्र हो गया और काजल के पेट में तमंचा सटाकर गोली मार दी थी। उसे पुलिस और परिजन जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया था। लखनऊ में सोमवार को काजल का ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। पेट में फंसी गोली को नहीं निकाला जा सका और बुधवार को उसकी मौत हो गई।

बेटे से बढ़कर थी काजल
पिता राजू नयन सिंह के लिए काजल बेटे से बढ़कर थी। होनहार बेटी की मौत ने उनको भीतर से झकझोर दिया। बेटी की मौत पर उनको संभालना मुश्किल हो गया था। उनकी आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरी ​तो जिंदगी ही उजड़ गई। वह बार—बार कहते रहे कि मैं अपनी बेटी को नहीं बचा पाया। काजल अपने माता-पिता की एकलौती संतान थी।

लोगों ने जमकर दिखाया गुस्सा, पुलिस सजग
काजल की मौत की सूचना पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह से फैल गई। लोग सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करने लगे। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने की वजह से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। लोग इसे लेकर आवाज उठाने की मांग कर रहे हैं। बेटी की हत्या से सब आक्रोशित हैं। इसलिए पुलिस काफी सजगता बरत रही है। पुलिस की अलग—अलग टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। मुकदमे में हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई है। राजू नयन सिंह की तहरीर पर विजय प्रजापति, उसके पिता सुभाष प्रजापति, मां सहित चार लोगों पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया था। इसमें पिता और मां को आपराधिक साजिश का आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने विजय के दो जमानतदारों को हिरासत में लिया है।

काजल के निधन से स्कूल में शोक
राजू नयन सिंह की पुत्री काजल आरपीएम स्कूल कौड़ीराम में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। आरपीएम स्कूल कौड़ीराम के प्रधानाचार्य राजीव रंजन सिंह ने बताया कि काजल एक होनहार और प्रतिभाशाली छात्रा थी। खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उसकी विशेष रुचि थी। उसकी मौत की सूचना पर स्कूल में शोक रहा।

Chai Panchayat

News of Naya Gorakhpur

Recent Posts

होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, वरिष्ठ अधिकारियों ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

– दो मार्च को मुख्यमंत्री करेंगे भक्त प्रह्लाद रथ यात्रा का शुभारंभ, चार मार्च को…

2 months ago

ईरान, इजराइल सहित खाड़ी देश में फंसे लोगों का जिला प्रशासन ने मांगा ब्यौरा

गोरखपुर। शासन ने ईरान, इजराइल तथा खाड़ी क्षेत्र के अन्य देशों में चल रहे युद्ध…

2 months ago

गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘युवा महोत्सव–2026’ का भव्य समापन

* तीन दिनों तक प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व का साक्षी बना परिसर गोरखपुर। महाविद्यालय परिसर…

3 months ago

गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय में उमड़ा स्नेह का सागर, पूर्व छात्रा मिलन समारोह बना स्मृतियों का उत्सव

गोरखपुर। गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय का प्रांगण उस समय भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब…

3 months ago

गोरखपुर में 22 फरवरी को खिलेगा वसंत का महोत्सव

गोरखपुर। वसंत ऋतु के आगमन पर शहर में 22 फरवरी को पुष्पों की बहार सजने…

3 months ago

मुख्यमंत्री से गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की शिष्टाचार भेंट

– प्रेस क्लब के विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब…

3 months ago