“भगवान विश्वकर्मा के यूपी वर्जन हैं पीडब्लूडी वाले सहायक, तभी तो लड़ रहे सांसद- विधायक”

Estimated reading time: 1 minute

• गजब तमाशा
गोरखपुर।
जिले के लोकनिर्माण विभाग के एक सहायक अभियंता के खिलाफ भाजपा के स्थानीय सदर विधायक ने शिकायत का मोर्चा क्या खोला भाजपा के ही स्थानीय सदर सांसद सहित 5 भाजपा विधायक परोक्ष रूप से अपने साथी विधायक का विरोध करते हुए उस अभियंता के समर्थन में लामबंद हो गए और उन पर कार्यवाही होने से क्षेत्र के विकास पर पड़ने वाले दुष्परिणामों पर विस्तृत प्रकाश डालने लगे। अब इससे तो इनकार नहीं किया जा सकता कि जहाँ मामला “निर्माण” और “ठेकदार” के बीच हो जाये वहाँ भ्रष्टाचार की छोटी-बड़ी जड़ें जम ही जाती हैं क्योंकि मौका भी होता है और दस्तूर भी.. ऐसे माहौल में ये सवाल उठना लाजिमी है कि “ये रिश्ता क्या कहलाता है?” क्योंकि इन्हीं माननीयों के अनुसार कल तक तो कोई अधिकारी इनकी नहीं सुनता था और आज ये एक अधिकारी के लिए लामबंद खड़े हैं..

अब अगर सदर विधायक की बात मानें तो साफ दिख रहा है कि उक्त अभियंता के गैरजिम्मेदाराना रवैये से शहर की कुछ कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं लेकिन यदि सदर सांसद के साथ पिपराइच, गोरखपुर ग्रामीण, चौरीचौरा, कैम्पियरगंज और सहजनवां के विधायकगण की बात पर गौर करें तो उक्त सहायक अभियंता तो स्वयं “भगवान विश्वकर्मा” के “यूपी वर्जन” हैं जिनकी अनुपस्थिति जिले के विकास कार्य को ही बाधित कर देगी..!

अब ऐसे में ये सवाल तो उठेगा कि जिस कर्मयोगी अभियंता की तारीफ में इतने जिम्मेदार जनप्रतिनिधि स्वस्तिवाचन कर रहे हैं उसने उनके क्षेत्रों में आखिर ऐसा क्या अद्भुत कर दिया है जो दूसरा अभियंता नहीं कर पाता..!! कुछ कालोनियों में उनकी गलती से हुआ जलजमाव तो उनके खिलाफ वाजिब आक्रोश की गवाही दे रहा है लेकिन उनकी अद्भुत कार्यकुशलता के वो नायाब शाहकार आखिर किस-किस विधानसभा क्षेत्र में स्थित है जिस पर अभी तक लोगों की निगाह नहीं जा पा रही है और उसे सिर्फ ये विधायकगण ही देख पा रहे, क्योंकि विकास के भूखे इन विधायकों के क्षेत्र की अधिकांश सड़कें तो पिछले तीन सालों से आज भी गिट्टी और डामर की खुराक के लिए बेचैन हैं और गढ्ढे खुद को पाटे जाने को लेकर परेशान..

फिर भी, चूंकि अभियंता का विरोध और समर्थन कर रहे ये सभी विधायकगण भाजपा के जनप्रतिनिधि हैं तथा मा० मुख्यमंत्री के विशेष स्नेहप्राप्त भी हैं, सिवाय चौरीचौरा विधायक के, इसलिए किसी पर भी अविश्वास नहीं किया जा सकता। अतः सबके सम्मान की रक्षा के साथ इस समस्या के बेहतर निदान के लिए सरकार को सर्वप्रथम मा० सदर विधायक जी की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए उक्त सहायक अभियंता को स्थानांतरित कर देना चाहिए तत्पश्चात अन्य जनप्रतिनिधियों का उन अभियंता के प्रति विशेष लगाव और उनकी पैरवी का सम्मान करते हुए उसे अपने विशेषाधिकार से प्रदेश की मार्गों से संबंधित सभी परियोजनाओं का मुखिया बना देना चाहिए.. क्योंकि यदि वाकई वो प्रदेश के विलक्षण प्रतिभाशाली और अनूठे अभियंता हैं तो उनकी विलक्षण प्रतिभा का लाभ सिर्फ गोरखपुर जनपद को ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश को मिलना चाहिए ताकि अपने अद्भुत और उत्कृष्ट कार्यकौशल से वो पूरे प्रदेश को विकास की नई दिशा दिखा सकें..।

“दण्ड में भी पुरस्कार” के इस अचूक उपाय से सबकी प्रतिष्ठा भी बच जायेगी, समर्थक विधायक गणों के व्यक्तिगत और व्यवसायिक (यदि हों तो) रिश्ते भी बने रहेंगे और जिले तथा प्रदेश का विकास कार्य भी बाधित नहीं होगा।

• भानु प्रताप सिंह गोरखपुर के फेसबुक वॉल से जैसा कि उन्होंने लिखा है।

Chai Panchayat

चुस्की की चौपाल, मुद्दे की पड़ताल

Recent Posts

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस-व्यापारी बैठक आयोजित

-सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर गोरखपुर। शहर में व्यापारियों की…

4 hours ago

मोबाइल पर बात करने पर टोकने से विवाद, बहू ने सास पर किया जानलेवा हमला

- एम्स थाना क्षेत्र की घटना, हत्या के प्रयास में बहू गिरफ्तार; चाकू बरामद गोरखपुर।…

4 hours ago

गोरखपुर विश्वविद्यालय में सांसद रवि किशन बने ‘प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस’

बिना मानदेय निभाएंगे जिम्मेदारी, अभिनय, रंगमंच और फिल्म उद्योग का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर छात्रों को…

5 hours ago

होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, वरिष्ठ अधिकारियों ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

– दो मार्च को मुख्यमंत्री करेंगे भक्त प्रह्लाद रथ यात्रा का शुभारंभ, चार मार्च को…

4 months ago

ईरान, इजराइल सहित खाड़ी देश में फंसे लोगों का जिला प्रशासन ने मांगा ब्यौरा

गोरखपुर। शासन ने ईरान, इजराइल तथा खाड़ी क्षेत्र के अन्य देशों में चल रहे युद्ध…

4 months ago

गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘युवा महोत्सव–2026’ का भव्य समापन

* तीन दिनों तक प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व का साक्षी बना परिसर गोरखपुर। महाविद्यालय परिसर…

4 months ago