आस्था पर प्रहार करने वाले आज आस्थावान बनने का ठेका ले रहे : सीएम योगी

Estimated reading time: 1 minute

सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण, 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास, कानून-व्यवस्था और आस्था के मुद्दों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो दल सत्ता में रहते हुए आस्था पर प्रहार करते रहे, आज वही सबसे बड़े आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के लोगों के आस्था पर उपदेश हास्यास्पद लगते हैं।

टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को बाधित किया और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के विरोध में न्यायालय में अपना पक्ष रखा। ऐसे दलों को आस्था पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं को रोजगार से वंचित किया, किसानों के अधिकारों की अनदेखी की और बहन-बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा को संकट में डाल दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और धार्मिक आयोजनों पर भी तनाव का माहौल रहता था, जबकि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं।
इंसेफेलाइटिस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यह बीमारी पूर्वांचल की नियति बन चुकी थी और हजारों बच्चों की जान चली गई, लेकिन तत्कालीन सरकारें संवेदनहीन बनी रहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रभावी प्रयासों से इस बीमारी पर नियंत्रण पाया और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया। आज गोरखपुर में एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज बेहतर चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में नौकरियों पर “सैफई सिंडिकेट” का कब्जा रहता था, जबकि उनकी सरकार ने नौ वर्षों में बिना भेदभाव नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। साथ ही एक जिला-एक उत्पाद योजना के माध्यम से करोड़ों युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ा गया तथा निजी निवेश से लाखों लोगों को रोजगार मिला।

गोरखपुर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय माफिया और मच्छरों के कारण बदनाम शहर आज निवेश और विकास का केंद्र बन चुका है। गीडा में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है और हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। रामगढ़ताल अब पर्यटन और आजीविका का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां देर रात तक लोग परिवार के साथ समय बिताते हैं और फिल्म शूटिंग भी हो रही है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क से गोरखपुर की तस्वीर बदल गई है। लखनऊ और वाराणसी की यात्रा का समय काफी कम हुआ है तथा गोरखपुर से 14 हवाई उड़ानें संचालित हो रही हैं। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों ने भी शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने, नालों पर अतिक्रमण न करने, वर्षा जल संरक्षण करने तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का संरक्षण करना समाज की भी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर का भविष्य बदल दिया है। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर को लगातार नई विकास परियोजनाएं मिल रही हैं। विधायक विपिन सिंह ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनेगी।
समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया, शिलापट्ट का अनावरण किया और फ्लाईओवर का निरीक्षण करते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

Chai Panchayat

चुस्की की चौपाल, मुद्दे की पड़ताल

Recent Posts

कैंपियरगंज में सपा का शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी, साधु यादव समेत 40 पर मुकदमा

गोरखपुर। कैंपियरगंज क्षेत्र में रविवार को सपा नेता साधु यादव ने बिना अनुमति जुलूस निकालकर…

8 hours ago

आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता से विश्व शक्ति बन रहा भारत : डॉ. वोहरा

रोटरी के ‘लम्हे’ में भारत, नेपाल, बांग्लादेश और भूटान के प्रतिनिधियों का संगम  गोरखपुर। भारतीय…

9 hours ago

राजघाट में राप्ती नदी किनारे गिरा गुंबद गिरा, दो अधिवक्ताओं की मौत, सीएमओ के खिलाफ मुकदमा

जिला अस्पताल में 45 मिनट तक नहीं मिली  एंबुलेंस, भड़का अधिवक्ताओं का आक्रोश गोरखपुर। राजघाट…

16 hours ago

शिक्षा में राजनीति का स्थान नहीं, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से गढ़ें भविष्य: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सैफई होत्सव व बग्घी पर खर्च रकम शिक्षा में लगती तो लाखों बच्चों का भविष्य…

1 day ago

प्रो. केपी सिंह बने गोरखपुर विश्वविद्यालय के नए कुलपति

तीन वर्ष का होगा कार्यकाल, रुहेलखंड विश्वविद्यालय के रह चुके हैं कुलपति गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय…

2 days ago

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, लड्डू गोपाल को झुलाया पालने में

https://youtu.be/vXpO_n1YpqE?si=1k9XkUXQZUNalBV- गोरखपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार की रात भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्योत्सव…

3 days ago