Estimated reading time: 1 minute
सीएम ने बशारतपुर में कल्याण मंडपम का किया लोकार्पण, 130.73 करोड़ की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
बोले- प्रदेश माफियामुक्त, फिर सिर उठाया तो मिट्टी में मिला देंगे; सुरक्षा पर संकट पैदा करने वालों के लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कानून-व्यवस्था को लेकर अपराधियों और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी ने कानून की धज्जियां उड़ाने की तनिक भी कोशिश की तो उसकी धज्जियां उड़ाने में सरकार देर नहीं लगाएगी। प्रदेश में सुरक्षा पर संकट पैदा करने वालों के लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश माफियामुक्त हो चुका है। कोई फिर सिर उठाने की कोशिश करेगा तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम के लोकार्पण के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नगर निगम की 130.73 करोड़ रुपये की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी के स्थान पर सुरक्षा का वातावरण बना है। इसी सुरक्षित माहौल में विकास, रोजगार और निवेश के नए अवसर तैयार हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें विकास और उत्सव का माहौल पसंद नहीं है, वे अब जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास करेंगे। जनता को ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा। बिना नाम लिए उन्होंने ऐसे लोगों को डकैतों का गिरोह बताया और कहा कि जब भी इन्हें अवसर मिला, इन्होंने प्रदेश और देश को लूटने का काम किया। उत्सव से पहले उपद्रव, दंगा और कर्फ्यू लगवाना ही इनकी पहचान रही है।
माफिया के साथ इंसेफेलाइटिस का भी किया सफाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते करीब एक दशक में सरकार ने माफिया के साथ मच्छरजनित बीमारी इंसेफेलाइटिस की समस्या का भी समाधान किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले इंसेफेलाइटिस की वजह से गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में दहशत का माहौल रहता था। यह बीमारी 1977 से चली आ रही थी, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए।
उन्होंने कहा कि सांसद रहते उन्होंने इंसेफेलाइटिस के खिलाफ सदन से सड़क तक संघर्ष किया और मुख्यमंत्री बनने के बाद इसके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए। अब मासूम बच्चे इंसेफेलाइटिस की चपेट में आकर दम नहीं तोड़ते।
अगले साल एक लाख युवाओं को और मिलेगी नौकरी
योगी ने कहा कि अच्छी सरकार ही युवाओं, बेटियों और महिलाओं के हित में अच्छे फैसले लेती है। प्रदेश में अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले एक वर्ष में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। रोजगार के लिए हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाए जा रहे हैं, जहां प्रशिक्षण के साथ रोजगार की गारंटी होगी।
उन्होंने बताया कि अगले दो माह में स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक पांच लाख बेटियों का विवाह इस योजना के तहत हो चुका है। प्रत्येक बेटी के विवाह के लिए सरकार एक लाख रुपये का अनुदान दे रही है।
उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा योजना का भी उल्लेख किया। कहा कि अब माताएं निश्चिंत होकर अयोध्या, काशी, प्रयाग, विंध्याचल और देवीपाटन की यात्रा कर सकती हैं। रक्षाबंधन पर 60 लाख से अधिक महिलाओं को निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह सब अच्छी सरकार और मजबूत खजाने से संभव हुआ है।
गोरखपुर में विकास की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में वर्ष 2017 के बाद हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले न पर्याप्त बिजली थी और न अच्छी सड़कें। इलाज और रोजगार के अवसरों का अभाव था। आज सिक्सलेन फ्लाईओवर और फोरलेन सड़कों का जाल है। स्मार्ट सड़कों के साथ ट्रैफिक और स्वच्छता की निगरानी आधुनिक तकनीक से हो रही है।
उन्होंने कहा कि बीआरडी मेडिकल कालेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं और गोरखपुर में एम्स भी संचालित हो रहा है। खाद कारखाना फिर से चल रहा है और चार विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं। बाढ़ की समस्या के समाधान के साथ रामगढ़ताल की तस्वीर भी बदल गई है। कभी बदहाल रहा रामगढ़ताल अब फिल्मों की शूटिंग का केंद्र बन रहा है और गोरखपुर पर्यटन के नए हब के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने गोड़धोइया नाला परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे शहर के उत्तरी हिस्से में जलभराव की समस्या से काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर के नौजवानों को रोजगार मिल रहा है और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
कम खर्च में होटल का बेहतर विकल्प है कल्याण मंडपम
बशारतपुर कल्याण मंडपम को मुख्यमंत्री ने सकारात्मक परिवर्तन और जनसुविधा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर मंडपम बनाया गया है, वहां जमीन काफी गहरी थी। बेहतर सोच के साथ किए गए कार्य ने अब इस स्थान को विवाह और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयोगी बना दिया है।
उन्होंने बताया कि कल्याण मंडपम के लिए उन्होंने विधायक निधि से ढाई करोड़ रुपये दिए हैं, जबकि शेष धनराशि जीडीए ने लगाई है। यह कम खर्च में होटल का बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगा। तीन अन्य कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं और कुछ नए मंडपम भी स्वीकृत किए जाएंगे।
3.10 करोड़ में बना है बशारतपुर कल्याण मंडपम
2593 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कल्याण मंडपम दो तल का है। यहां 300 से 500 लोगों के आयोजन की क्षमता है। भूतल पर हाल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम और महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय हैं। प्रथम तल पर एक हाल, अटैच्ड टायलेट और ड्रेसिंग रूम के साथ छह कमरे बनाए गए हैं।
परिसर में फव्वारा, लॉन, फूल-पौधों के साथ पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए किफायती दर पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सांसद रविकिशन बोले- सुरक्षा के साथ सुविधा भी दे रही सरकार
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सुरक्षा, विकास और रोजगार के साथ नागरिकों को सुविधाएं भी दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच बिना भेदभाव समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनना तय है।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि कल्याण मंडपम मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है। उनके मार्गदर्शन में महानगर में कल्याण मंडपम की श्रृंखला तैयार हो रही है और गोरखपुर विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।
इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, जिला पंचायत प्रशासक साधना सिंह, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, श्रीराम चौहान, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, उपसभापति पूनम सिंह, जीडीए बोर्ड सदस्य राधेश्याम श्रीवास्तव, पवन त्रिपाठी, दुर्गेश बजाज, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी आदि मौजूद रहे।
फीता काटकर किया लोकार्पण, पौधरोपण भी
मंचीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने मंडपम की विशेषताओं से अवगत कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
130.73 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
लोकार्पण
बशारतपुर कल्याण मंडपम : 3.10 करोड़ रुपये
जीडीए के पार्क, सड़क, नाली व लाइटिंग के 14 कार्य : 7.74 करोड़ रुपये
नगर निगम के पाइपलाइन विस्तार, नलकूप व हैंडपंप रीबोर के 29 कार्य : 39.90 करोड़ रुपये
बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि व सुदृढ़ीकरण : 30.09 करोड़ रुपये
शिलान्यास
जीडीए के पार्क सुंदरीकरण, सीसीटीवी समेत 15 कार्य : 2.75 करोड़ रुपये
41 सड़कों व नालियों का निर्माण : 11.92 करोड़ रुपये
47 पार्कों का सुंदरीकरण : 7.60 करोड़ रुपये
नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में कर्मचारियों के आवासीय भवन : 5.07 करोड़ रुपये
पथ प्रकाश के सात कार्य : 5.57 करोड़ रुपये
पेयजल व जलभराव से जुड़े 13 कार्य : 16.99 करोड़ रुपये
जनता दर्शन में सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित…
बोले मुख्यमंत्री- शिक्षा से कौशल, नवाचार और उद्यमिता तक बनेगी विकास की नई राह यूपी…
चौरी चौरा(गोरखपुर)। रक्षाबंधन के उल्लास के बीच चौरीचौरा में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल…
एमजीयूजी में ‘खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ संवाद में युवाओं ने जाना खेलों…
पांच वर्षों में 12 से बढ़कर 53 हुए पाठ्यक्रम, एमबीबीएस-बीएएमएस से लेकर नर्सिंग, कृषि, फार्मेसी…
गोरखपुर। कभी रेसर बाइक बनाने और तेज रफ्तार से बाइक चलाने का शौक रखने वाला…