Estimated reading time: 1 minute
ढाई किमी तक देशभक्ति का जनसैलाब, हाथों में लहराता रहा राष्ट्रध्वज
16 स्थानों पर पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत, आठ जगहों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गोरखपुर। सड़क पर लहराता तिरंगा, गूंजता वंदे मातरम और भारत माता की जय का उद्घोष और जगह-जगह होती पुष्प वर्षा। सोमवार को गोरखपुर महानगर ने देशभक्ति के ऐसे ही अद्भुत दृश्य को जीवंत होते देखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक निकली करीब ढाई किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में राष्ट्र प्रथम का भाव उमड़ा तो पूरा मार्ग तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोग कदम से कदम मिलाकर चले। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक दृश्य को कैद करने की होड़ लगी रही।
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित पार्क में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उनके योगदान और बलिदान को नमन किया। इसके बाद उन्होंने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मंच से लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने तिरंगे को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की अमिट गाथा और भारत की आन, बान व शान का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के आंदोलन में अलग-अलग समय पर अलग-अलग स्वरूप के ध्वज ने स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा दी। 1905 में स्वदेशी आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद वर्तमान स्वरूप में राष्ट्रध्वज की स्वीकार्यता तक तिरंगा देश की चेतना का प्रतीक बना रहा। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा उन असंख्य क्रांतिकारियों और महापुरुषों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
हर नागरिक के अधिकार से जुड़ा तिरंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय राष्ट्रध्वज फहराने के लिए नागरिकों को न्यायालय तक जाना पड़ता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2022 में नेशनल फ्लैग कोड में संशोधन के बाद हर नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराने का अधिकार मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी राष्ट्रभाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र के महापुरुष और क्रांतिकारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यदि युवाओं से उनके गौरवशाली इतिहास और आदर्शों को दूर कर दिया जाएगा तो उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव की अनुभूति कमजोर होगी। तिरंगा उन वीरों के बलिदान की अमिट गाथा है।
चौरीचौरा से काकोरी तक गिनाई बलिदान की गाथा
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन में गोरखपुर और पूर्वांचल की भूमिका का उल्लेख करते हुए मंगल पांडेय, बंधु सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और धनसिंह कोतवाल जैसे वीरों को याद किया। उन्होंने कहा कि 1922 की चौरीचौरा की घटना ने अंग्रेजी हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। काकोरी ट्रेन एक्शन में राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, रोशन सिंह, चंद्रशेखर आजाद, शचीन्द्रनाथ सान्याल और राजेंद्र लाहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक स्वतंत्रता आंदोलन के इन महानायकों को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। आज उनके नाम पर स्मारक और संस्थानों का नामकरण हो रहा है तथा उनके बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि तिरंगा यात्रा में हाथ में लिए राष्ट्रध्वज को अपने घर पर सम्मानपूर्वक लगाएं और उसके साथ सेल्फी लेकर साझा करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है। सरकारी, अर्द्धसरकारी, निजी, व्यावसायिक और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। भारत सरकार ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के अपमान को संज्ञेय अपराध बनाया है। राष्ट्र के प्रतीकों का सम्मान करना शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद बढ़े आगे
मंचीय कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री टाउनहाल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा की अगुवाई करते हुए रेलवे स्टेशन चौक की ओर बढ़े। सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उनके साथ चलते रहे। एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं, व्यापारी, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि भी यात्रा का हिस्सा बने।
नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक पूरा मार्ग तिरंगे से पटा नजर आया। जगह-जगह देशभक्ति गीत बजते रहे और ‘वंदे मातरम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष वातावरण में ऊर्जा भरते रहे। हर घर तिरंगा अभियान की टी-शर्ट और टोपी पहने लोग यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
16 स्थानों पर पुष्प वर्षा, आठ जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
तिरंगा यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग में 16 स्थान निर्धारित किए गए थे। होटल शिवाय, कचहरी चौक, जलकल, गोलघर, गणेश चौक, काली मंदिर, पुलिस लाइन तिराहा, यातायात तिराहा समेत विभिन्न स्थानों पर व्यापारिक, सामाजिक और अन्य संगठनों ने ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री और यात्रा का स्वागत किया।
इसके साथ ही आठ स्थानों पर लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा के गुजरने के दौरान सड़क किनारे मौजूद लोगों ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ विराम
रेलवे स्टेशन चौक पहुंचने पर मुख्यमंत्री महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास पहुंचे और पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया। इसके बाद तिरंगा रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी दी और उनके साथ सेल्फी लेकर इस देशभक्ति से भरे पल को यादगार बनाया। इसके साथ ही ढाई किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा के दौरान गोरखपुर की सड़कें केवल यातायात का मार्ग नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावनाओं का मंच बनी नजर आईं। असंख्य हाथों में लहराते तिरंगे और राष्ट्र प्रथम के उद्घोष ने महानगर को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रभक्ति की स्मृतियों से जोड़ दिया।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे में सोमवार और मंगलवार को देशभक्ति के साथ…
गोरखपुर। रोहिन नदी के बढ़ते जलस्तर और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से जूझने…
गोरक्ष क्षेत्रीय बैठक में 12 जनपदों के पदाधिकारी जुटे, तीन सितंबर के लखनऊ महासम्मेलन को…
मायावती से मुलाकात के बाद बढ़ी अटकलें, 23 अगस्त की महुआपार सभा पर टिकी नजरें;…
उत्तर प्रदेश में पहली बार तीन अंतरराष्ट्रीय रोबोटिक प्लेटफॉर्म पर हुई हैंड्स-ऑन कार्यशाला, विशेषज्ञों ने…
दो किमी सड़क का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पूरा, दोनों तरफ बने ड्रेन; एक माह में…