Estimated reading time: 1 minute
पिपराइच सीएचसी में एक दिन में छह सी-सेक्शन प्रसव पर टीम की सराहना, सामान्य प्रसव को प्राथमिकता देने के निर्देश
गोरखपुर। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. राजेश झा ने मंगलवार को भटहट क्षेत्र के पतरा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी), पिपराइच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और सिंहोरिया सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। पतरा एपीएचसी और सिंहोरिया सीएचसी में तीन चिकित्सक समेत छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएमओ सबसे पहले पतरा एपीएचसी पहुंचे। यहां दो चिकित्सक और एक लैब टेक्नीशियन (एलटी) अनुपस्थित मिले। उपस्थिति की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। केंद्र के भवन का निरीक्षण करने के दौरान मरम्मत से जुड़े कार्यों के लिए भटहट सीएचसी के अधीक्षक और अवर अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएचसी अधीक्षक नियमित रूप से एपीएचसी और अन्य स्वास्थ्य इकाइयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।
छह सी-सेक्शन प्रसव पर टीम की सराहना
इसके बाद सीएमओ पिपराइच सीएचसी पहुंचे। यहां उपस्थिति पंजिका की जांच में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी हुई कि एक ही दिन में छह सी-सेक्शन प्रसव कराए गए हैं। इस पर उन्होंने अधीक्षक डा. मणि शेखर समेत पूरी टीम की सराहना की। हालांकि, उन्होंने निर्देश दिया कि चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार सामान्य प्रसव को हमेशा पहली प्राथमिकता दी जाए।
सीएमओ ने महिला चिकित्सा अधिकारियों से मातृ सेवा कार्यक्रम के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मातृ सेवा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में मातृ मृत्यु को नियंत्रित करने में मदद मिली है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध उपचार जरूरी है।
रोगियों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक
सीएमओ ने पिपराइच सीएचसी में भर्ती और उपचार करा रहे रोगियों से भी बातचीत की। उन्होंने दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी रोगी को दवा या अन्य जरूरी सामग्री बाहर से खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। अस्पताल में उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक दवाएं और सामग्री रोगियों को स्वास्थ्य केंद्र से ही उपलब्ध कराई जाएं।
सीएचसी भवन के कुछ हिस्सों में मरम्मत की जरूरत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिंहोरिया में चिकित्सक समेत तीन अनुपस्थित
निरीक्षण के अंतिम चरण में सीएमओ सिंहोरिया सीएचसी पहुंचे। यहां एक चिकित्सक और दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने अधीक्षक डा. केशरी नंदन को कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें और निर्धारित अवधि तक अपनी सेवाएं दें। लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने सीएचसी के वाशरूम, विभिन्न वार्डों और परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ नियमित निगरानी पर जोर दिया।
चौरी चौरा में विधायक ने अधिकारियों को दिए समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश, योजनाओं…
चौरीचौरा(गोरखपुर)। शिक्षा प्रेरकों की बहाली का मुद्दा एक बार फिर उठने लगा है। लंबे समय…
विज्ञान, कला और वाणिज्य के विद्यार्थियों को बताए गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में अवसर संतकबीरनगर। पीएम श्री…
गोरखपुर। कैंपियरगंज क्षेत्र में रविवार को सपा नेता साधु यादव ने बिना अनुमति जुलूस निकालकर…
रोटरी के ‘लम्हे’ में भारत, नेपाल, बांग्लादेश और भूटान के प्रतिनिधियों का संगम गोरखपुर। भारतीय…
जिला अस्पताल में 45 मिनट तक नहीं मिली एंबुलेंस, भड़का अधिवक्ताओं का आक्रोश गोरखपुर। राजघाट…