Estimated reading time: 1 minute
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के कार्यक्रम को लेकर बदलेगी शहर की यातायात व्यवस्था, सुबह सात बजे से डायवर्जन
पैदल यात्रा के मद्देनजर कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, बसों, कारों और दोपहिया वाहनों के लिए तय किए गए पार्किंग स्थल
गोरखपुर। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में चार नवंबर को आयोजित कार्यक्रम और पैदल यात्रा को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस की ओर से सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान शहर के कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, टीपी नगर से टीडीएम अहलादपुर होते हुए बेतियाहाता की तरफ आने वाले व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रस्तमपुर और पैडलेगंज चौराहे से होकर जाएंगे। शास्त्री चौराहे से कचहरी चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इन वाहनों को अंबेडकर चौराहे की ओर से भेजा जाएगा। घोष कंपनी से टाउनहाल जाने वाले वाहन शास्त्री चौराहे की ओर मोड़े जाएंगे। अग्रसेन तिराहे से टाउनहाल जाने वाले वाहनों को जुबली तिराहा और बक्शीपुर होकर जाना होगा।
विजय चौराहे से गणेश चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को सुमेर सागर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। सिटी माल तिराहे से गणेश चौक की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें कार्मेल गली मार्ग से भेजा जाएगा। आयकर भवन तिराहे से हरिओमनगर तिराहे की ओर आने वाले वाहनों को पुराने आरटीओ तिराहे की तरफ मोड़ा जाएगा। अंबेडकर चौराहे से तमकुही तिराहे की ओर जाने वाले वाहन छात्रसंघ चौराहा और रस्तमपुर होकर जाएंगे।
इसी तरह असुरन चौराहे से काली मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें कौवाबाग, रेलवे अंडरपास और मोहद्दीपुर चौराहे से निकाला जाएगा। धर्मशाला अंडरपास से आटो और ई-रिक्शा अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। हठ्ठी माई तिराहे से टाउनहाल की ओर जाने वाले वाहनों को अग्रसेन तिराहे से होकर जाना होगा। पुलिस लाइन तिराहे से काली मंदिर तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रोडवेज तिराहे से निकाला जाएगा। वहीं, यातायात तिराहे से पुलिस लाइन तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को महाराणा प्रताप मूर्ति तिराहे से होकर जाना होगा।
कार्यक्रम में आने वालों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए भी स्थान निर्धारित किए गए हैं। बसों को विश्वविद्यालय मैदान के अंदर खड़ा कराया जाएगा। कारों की पार्किंग गोरखपुर क्लब, निपाल क्लब, पुलिस कार्यालय परिसर, विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के बगल स्थित खाली मैदान, कचहरी क्लब और मल्टीलेवल पार्किंग में होगी। दोपहिया वाहनों को हरिओमनगर चौराहे के पास पीएनबी बैंक के बगल वाली गली में खड़ा कराया जाएगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। चार नवंबर को दोपहर 12 से दो बजे तक नौसड़ से फलमंडी मार्ग पर नो-इंट्री नहीं खुलेगी। वहीं, महेवा मंडी और बरगदवा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के लिए दिन में लागू रहने वाली नो-इंट्री भी बंद रहेगी। यह नो-इंट्री रात 11 बजे खुलेगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चार नवंबर को घर से निकलने से पहले डायवर्जन की जानकारी कर लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
