Categories: CrimeNewsPolitics

गोरखपुर: बवाल पर बदला जिला पंचायत का चुनाव परिणाम, आरओ के खिलाफ एफआईआर, पुलिस चौकी और गाड़ी फूंकने वालों की तलाश

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। जिला पंचायत चुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों को जबरन जिताने के आरोप को लेकर झंगहा इलाके के नई बाजार में जमकर बवाल हुआ। ब्रह्मपुर ब्लाक में हुई वोटों की गिनती में धांधली करके जीते हुए प्रत्याशी को हराने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरे लोगों ने पुलिस चौकी फूंक दी। एटीएम कैश वैन, पेट्रोल पंप और दो पीआरवी में तोड़फोड़ की। पीएसी की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। ब्लाक में भी जमकर उपद्रव मचाया। बुधवार की दोपहर बाद शुरू हुए हंगामे की गंभीरता को भांप पाने में पुलिस—प्रशासन के अधिकारी नाकाम रहे। बवाल के बाद हुई जांच में गड़बड़ी सामने आई तो चुनाव परिणाम बदल गए।


पुलिस चौकी जलाने की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स संग अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपद्रवियों की तलाश शुरू की गई। देर रात तक नई बाजार से लेकर ब्रह्मपुर तक अफरा—तफरी मची रही। लॉकडाउन के बीच हुई घटना से जिला प्रशासन हिल उठा। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। एसएसपी का कहना है कि उपद्रव करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी की पहचान की जाएगी।

यह है पूरा मामला, ऐसे बढ़ गया बवाल
— ब्रह्मपुर ब्लॉक के जिला पंचायत वार्ड नंबर 60 और 61 में हारे हुए प्रत्याशियों को जबरन जीत का प्रमाण पत्र देने को लेकर हंगामा शुरू हुआ।
— आरोप लगाया कि जिला पंचायत के वार्ड नंबर 60 से रविप्रताप निषाद और 61 से कोदई निषाद जीते थे। लेकिन उन दोनों को जीत का प्रमाण पत्र न देकर हारे हुए गोपाल और रमेश को दे दिया गया।
— बुधवार को ब्लाक से घोषणा किए जाने के बाद हारे और जीते सभी प्रत्याशी गोरखपुर चले गए। लेकिन समर्थकों का आक्रोश बढ़ता रहा।
— लोगों ने धांधली करके दो वार्ड के लोगों को जबरन हराने का आरोप मतगणना अधिकारियों पर लगाया। एक जनप्रतिनिधि के इशारे पर गड़बड़ी की बात कही।
— 3 बजे के बाद बड़ी संख्या में लोग ब्लाक मुख्यालय स्थित मतगणना स्थल पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने वहां धरना—प्रदर्शन शुरू कर दिया।
— लोगों ने डीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। कुछ लोग वहां से खेतों के रास्ते नई बाजार चौराहे पर पहुंच गए।
— एक हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटने पर लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ महिलाएं और पुरुष नई बाजार में भी सड़क पर बैठ गए।
— लोगों के प्रदर्शन की सूचना पर नई बाजार चौकी की पुलिस पहुंची। इसके बाद झंगहा पुलिस भी आ गई।
— हंगामा होने पर एसडीएम पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने — बुझाने का प्रयास किया।
— प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम से कहा कि धांधली करने वालों को जेल भेजा जाए। डीएम को बुलाकर जीते हुए प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिया जाए।
— करीब दो घंटे तक चौराहे पर तमाशा चलता रहा। डीएम को न बुलाए जाने से लोगों का गुस्सा भड़कने लगा।
— नारेबाजी करते हुए मनबढ़ों ने उधर से गुजर रही एटीएम कैश वैन पर हमला बोल दिया। चौराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ करती हुई भीड़ नई बाजार पुलिस चौकी में पहुंच गई। वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी।
— कुछ लोगों ने ब्लाक की तरफ गाड़ी पीएसी की गाड़ी को फूंक दिया। ब्लाक में भी उपद्रव मचाया।
— घटना से पूरे इलाके में अफरा- तफरी मच गई। जिले के कई थानों की पुलिस, अतिरिक्त फोर्स और फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

बवाल हुआ तो बदल गए चुनाव परिणाम, आरओ पर दर्ज हुआ मुकदमा
झंगहा के नई बाजार में बवाल के बाद जिला पंचायत के 3 वार्डों में परिणाम बदल गए। जांच में सामने आया कि ब्रह्मपुर के रिटर्निंग ऑफिसर ने गड़बड़ी की थी जिससे हारे हुए प्रत्याशी चुनाव जीत गए। इसी वजह से बुधवार को लोगों ने बवाल किया। आरोप है कि एक नेता के दबाव ऐसा हुआ था। अभी आगे की जांच जारी है। लेकिन गड़बड़ी और बवाल के जिम्मेदार ब्रह्मपुर के आरओ सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के खिलाफ डीएम ने मुकदमा दर्ज करा दिया है।

वोटों में हेरफेर करके आरओ ने बनाया विजेता
जिला पंचायत वार्ड संख्या 60 से गोपाल यादव को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया था। बूथवार मतों में यहां से रवि प्रताप निषाद आगे थे। लेकिन जब कुल मतों में गोपाल को आगे दिखाया गया। वार्ड संख्या 61 में कोदई साहनी आगे थे। लेकिन कुल मतों में हेरफेर कर रमेश को चुनाव जिताया गया। वार्ड संख्या 45 बड़हलगंज प्रथम में स्थानीय आरओ ने सही रिपोर्ट भेजी थी। लेकिन जिला मुख्यालय पर लिपिकीय त्रुटि से रामअचल को जीता हुआ दिखाया गया। तीनों वार्डों में प्रमाण पत्र भी दिया जा चुका था। वार्ड नंबर 60 एवं 61 के उम्मीदवारों ने बेईमानी का आरोप लगाकर बवाल कर दिया। जिसके बाद बुधवार देर रात जिलाधिकारी, सीडीओ और एडीएम एफआर ने मैनुअली मिलान किया।

Chai Panchayat

News of Naya Gorakhpur

Recent Posts

होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, वरिष्ठ अधिकारियों ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

– दो मार्च को मुख्यमंत्री करेंगे भक्त प्रह्लाद रथ यात्रा का शुभारंभ, चार मार्च को…

3 weeks ago

ईरान, इजराइल सहित खाड़ी देश में फंसे लोगों का जिला प्रशासन ने मांगा ब्यौरा

गोरखपुर। शासन ने ईरान, इजराइल तथा खाड़ी क्षेत्र के अन्य देशों में चल रहे युद्ध…

3 weeks ago

गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘युवा महोत्सव–2026’ का भव्य समापन

* तीन दिनों तक प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व का साक्षी बना परिसर गोरखपुर। महाविद्यालय परिसर…

4 weeks ago

गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय में उमड़ा स्नेह का सागर, पूर्व छात्रा मिलन समारोह बना स्मृतियों का उत्सव

गोरखपुर। गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय का प्रांगण उस समय भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब…

1 month ago

गोरखपुर में 22 फरवरी को खिलेगा वसंत का महोत्सव

गोरखपुर। वसंत ऋतु के आगमन पर शहर में 22 फरवरी को पुष्पों की बहार सजने…

1 month ago

मुख्यमंत्री से गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की शिष्टाचार भेंट

– प्रेस क्लब के विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब…

1 month ago