Estimated reading time: 0 minutes
गोरखपुर। कोरोना वायरस को रोकने के लिए जारी लॉक डाउन में कालाबाजारी करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। कम दुकानें खुलने की वजह से उपभोक्ताओं को महंगे दामों पर सामान बेच रहे हैं। प्रशासन की तरफ से आवश्यक वस्तुओं के लिए जारी रेट का मजाक बनाते हुए सामान बेच रहे दुकानदारों के खिलाफ सख्ती शुरू हो गई है। गुरुवार को देवरिया बाईपास, तारामंडल रोड पर एक मल्टी स्टोर में अधिक दाम लेकर वस्तुओं की बिक्री पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कार्रवाई की। निर्धारित मूल्य से अधिक रुपए लेने पर मजिस्ट्रेट ने दुकान को सील कर दिया। इस कार्रवाई से जिले में कालाबाजारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
वसूल रहे थे मनमानी रेट, सोशल डिस्टेशिंग भी बेमतलब
लॉक डाउन के बीच कुछ दुकानदार किराना के सामानों का मनमाना पैसा वसूल रहे हैं। इसकी शिकायत किसी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल से कर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जीडीए आफिस के सामने मल्टी स्टोर पर महंगे दामों पर सामान बिक रहा है। टीम के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पहुंचे तो देखा कि दुकान पर लोग लॉक डाउन के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सामान का अधिक दाम लेने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दुकान को सील करवा दिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि किसी भी दुकान पर खुदरा, एमआरपी से अधिक मूल्य पर खाद्यान्न सामग्री या कोई भी वस्तु बेचते हुए पकड़ा गया तो उसकी दुकान सील करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में सदर तहसीलदार डॉक्टर संजीव दीक्षित, नायब तहसीलदार पिपराईच सुमित सिंह सहित तहसील सदर के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


















