Estimated reading time: 0 minutes
गोरखपुर। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने निकाय चुनाव में झूठा शपथ पत्र देने वाले भाजपा पार्षद चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने अपने ऊपर दर्ज हुए मुकदमे का जिक्र नहीं किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वार्ड नंबर 34 शाहपुर से भाजपा पार्षद चंद्रशेखर सिंह ने नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 में नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र में अपने ऊपर दर्ज हुए मुकदमे का जिक्र नहीं किया था। शिकायत पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जग नारायन ने जांच की तो आरोप सही मिला। छानबीन में पता चला कि चंद्रशेखर सिंह पर शाहपुर थाने में कई मुकदमे दर्ज है। जिसकी जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को दी। उनके निर्देश पर विधिक राय लेकर मुकदमा दर्ज करने के लिए 26 अगस्त को कैंट थाने में तहरीर दी। एसएसपी जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर कैंट पुलिस ने शुक्रवार की रात में चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ मिथ्या साक्ष्य देने का केस दर्ज किया। सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार केस दर्ज कर लिया गया है।











