Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। महानगर से आगे विस्तार की तैयारी चल रही है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) इस काम को पूरा करने में जुटा है। जीडीए बोर्ड से प्रस्ताव पास करा कर शासन को भेज दिया गया है। शासन से सीमा विस्तार के प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इस नए प्रस्ताव में 319 गांव और पीपीगंज, पिपराइच और मुंडेरा बाजार नगर पंचायत (चौरीचौरा) जीडीए से जुड़ जाएंगे।
जल्द ही जारी होगा नोटिफिकेशन, तैयारी में अधिकारी
जीडीए में नगर निगम के साथ 170 गांव शामिल किए गए हैं। इसी के आधार पर 2021 की महायोजना भी बनी थी। शहर के विस्तार के साथ-साथ ही महायोजना 2031 पर काम चल रहा है। नगर निगम के विस्तारीकरण के बाद जीडीए ने भी अपने विस्तार की योजना बनाई है। इसमें शहर के आसपास के गांव शामिल हैं। वाराणसी हाइवे, सोनोली रोड और देवरिया रोड के 319 गांव और नगर पंचायतों को भी जोड़ा जा रहा है। तेजी से विकास के साथ-साथ नई कॉलोनी बनाने में सहूलियत होगी। जीडीए के वीसी अनुज सिंह ने बताया कि सीमा विस्तार के प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर शासन को भेज दिया गया है। इससे प्राधिकरण का कुल एरिया 65219 हेक्टेयर हो जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के साथ 319 नए गांव, पीपीगंज, पिपराइच और मुंडेरा बाजार नगर पंचायत को शामिल करने का भी प्रस्ताव है।
















