Categories: Latest NewsNational

कारगिल के वीरों को गोरखपुर का नमन, शहीद स्मारक पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का भाव

Estimated reading time: 0 minutes

वीर नारियों का सम्मान, पूर्व सैनिकों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर
गोरखपुर। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर देशभक्ति, शौर्य और बलिदान की भावना से सराबोर रहा। कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करते हुए पूर्व सैनिकों, सैन्य अधिकारियों और एनसीसी कैडेटों ने शहीद सैनिक स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में वीर नारियों को सम्मानित करने के साथ पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर स्थित शहीद सैनिक स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल की चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए ऑपरेशन विजय को सफलता दिलाई। विपरीत परिस्थितियों में भी जवानों का पराक्रम देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज है।
समारोह में मेजर जनरल एसके जसवाल, वीएसएम (सेवानिवृत्त), ब्रिगेडियर गोविंद जी मिश्रा, वीएसएम (सेवानिवृत्त), ब्रिगेडियर केपीवी सिंह (सेवानिवृत्त), कर्नल आरपी मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल राम मोहन पांडेय, कर्नल एसपी त्रिपाठी (सेवानिवृत्त), वीर सेनानी संस्थान के अध्यक्ष अनिरुद्ध शाही और गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष प्रदीप यादव ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
उत्तर प्रदेश 44 बटालियन एनसीसी के आठ कैडेटों सहित करीब 150 पूर्व सैनिकों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सैन्य वेशभूषा में मौजूद पूर्व सैनिकों और अनुशासित एनसीसी कैडेटों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में युवाओं को सैनिकों के त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
वीर नारियों के त्याग को किया नमन
समारोह में देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिकों के परिवारों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए वीर नारी सुमित्रा सिंह, शोभा देवी और रानी सिंह को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने वीर नारियों के धैर्य, त्याग और संघर्ष को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक के साहस के पीछे उसके परिवार का मजबूत संबल होता है।
पूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर के सहयोग से रीजेंसी हॉस्पिटल के चिकित्सकों की ओर से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में यूनियन बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक पुरनेन्दु कुमार के साथ श्रेयांसी, शैलेन्द्र, राहुल और कार्तिक ठाकुर मौजूद रहे। रीजेंसी हॉस्पिटल की ओर से डॉ. शमी अहमद, नर्स अनुराधा यादव, नेहा शर्मा और आंचल सिंह ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल अनिल कुमार सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल युद्ध में मिली विजय का स्मरण नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। शहीदों की वीरगाथाएं देशवासियों को हमेशा राष्ट्रसेवा, एकता और अनुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।
समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। कारगिल के रणबांकुरों का साहस आज भी हर भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करता है।

Chai Panchayat

चुस्की की चौपाल, मुद्दे की पड़ताल

Recent Posts

गोरखपुर नगर निगम सदन की 22वीं बैठक में 12 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 15 हजार कंबल खरीदने को मंजूरी

ऑनलाइन भुगतान पर संपत्ति कर में 12 प्रतिशत छूट की अवधि 15 सितंबर तक बढ़ी,…

6 hours ago

गणेश उत्सव को लेकर गोरखपुर में अलर्ट, डीएम ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर तैनात करने के निर्देश, पंडालों में सीसीटीवी…

16 hours ago

गोरखपुर में जैविक खेती से किसानों की बढ़ी आय, सरकार दे रही प्रोत्साहन राशि

गोरखपुर। जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलने से किसानों की उत्पादन लागत घट रही…

16 hours ago

गोरखपुर में बनेगा हाईटेक साइंस म्यूजियम, 7डी थिएटर और वर्चुअल हेलिकॉप्टर राइड का मिलेगा रोमांच

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पास 49.97 करोड़ रुपये से बनेगा विज्ञान संग्रहालय, पांच थीम…

16 hours ago

टूटी पटरी, चिंगारी, आग और ट्रैक की खामी देखकर समय रहते उठाया कदम; महाप्रबंधक ने नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

पूर्वोत्तर रेलवे के छह रेलकर्मी बने स्टार परफॉर्मर, सतर्कता से टले संभावित हादसे गोरखपुर।पूर्वोत्तर रेलवे…

17 hours ago

कभी बुजुर्ग तो कभी बच्चों से शिलान्यास-लोकार्पण, सरवन निषाद की अनोखी पहल

बच्चों के हाथों सीसी रोड का लोकार्पण, विधायक ने ग्रामीणों को सौंपी विकास की नई…

1 day ago