Categories: National

स्मार्टफोन देकर बच्चों का भविष्य खतरे में न डालें अभिभावक : सीएम योगी

Estimated reading time: 1 minute

अत्यधिक मोबाइल इस्तेमाल से घट रही सोचने की क्षमता, बच्चे हो रहे तनाव और अवसाद के शिकार

गुरु पूर्णिमा महोत्सव में गुरु परंपरा, भारतीय ज्ञान विरासत और सामाजिक चुनौतियों पर मुख्यमंत्री ने रखे विचार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों को बच्चों को स्मार्टफोन देने को लेकर आगाह किया है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को स्मार्टफोन देना उचित नहीं है। अत्यधिक मोबाइल प्रयोग से बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो रही है और वे तनाव व अवसाद की ओर बढ़ रहे हैं।
बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं सप्तदिवसीय श्रीराम कथा के विश्राम अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के अमूल्य समय का बड़ा हिस्सा स्मार्टफोन में बीत रहा है। पांच-छह घंटे तक मोबाइल पर समय बिताने से उनकी आंखों पर असर पड़ रहा है और मानसिक स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। कई बार बच्चे गंभीर कदम तक उठा लेते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि स्मार्टफोन के दुष्प्रभाव से बचाने की शुरुआत अभिभावकों को स्वयं से करनी होगी। उन्होंने सप्ताह में एक दिन स्मार्टफोन का प्रयोग न करने का संकल्प लेने की अपील की। कहा कि धीरे-धीरे मोबाइल इस्तेमाल का समय कम करते हुए यह संभव किया जा सकता है। जिस प्रकार कुछ लोग सप्ताह में एक दिन मौन व्रत रखते हैं, उसी तरह डिजिटल संयम भी अपनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जब स्मार्टफोन नहीं था, तब भी दुनिया चलती थी और लोग अधिक स्वस्थ जीवन जीते थे। बच्चों को बेहतर कंटेंट उपलब्ध कराने और परिवार के साथ बैठकर संवाद बढ़ाने की आवश्यकता है।
गुरु पूर्णिमा कृतज्ञता का पर्व : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय गुरु परंपरा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व है। आषाढ़ पूर्णिमा को महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में गुरु पूर्णिमा मनाई जाती है। वेदों को लिपिबद्ध करने और भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में वेदव्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरु केवल दीक्षा देने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि जिससे भी जीवन में कुछ सीख मिलती है, वह गुरु की भूमिका निभाता है। माता-पिता, बड़े भाई और शिक्षक भी गुरु के समान हैं। समाज के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित करना जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा ने ज्ञान को संरक्षित करने के लिए श्रवण परंपरा से लेकर लिपिबद्ध करने तक का बड़ा कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन ज्ञान केंद्रों की सबसे बड़ी धरोहर है। प्रदेश में बड़ी संख्या में पांडुलिपियां, ताम्रपत्र और ऐतिहासिक अवशेष मिले हैं। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एक लाख से अधिक पांडुलिपियां संरक्षित हैं, जिनके डिजिटाइजेशन का कार्य चल रहा है।
‘एक भारत’ की भावना को मजबूत करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आदिकाल से ही एक राष्ट्र के रूप में रहा है। भाषा, खानपान, वेशभूषा और उपासना पद्धतियों में विविधता के बावजूद भारत की आत्मा एक रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विकृतियों ने समय-समय पर देश को बांटने का प्रयास किया, लेकिन भारत की एकता कायम रही।
उन्होंने नागरिकों से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कहा कि देश के अस्तित्व से ही व्यक्ति और समाज का अस्तित्व जुड़ा है।
सनातन पर्व समाज को जोड़ने का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति के पर्व केवल परंपरा नहीं बल्कि समाज को जोड़ने और परिवर्तन का संदेश देने वाले अवसर हैं। उन्होंने श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से लोग मिट्टी और नदियों का जल लेकर आए थे। श्रीलंका के राजदूत भी अशोक वाटिका की मिट्टी लेकर पहुंचे थे, जो श्रीराम मंदिर निर्माण से वहां के लोगों की भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।

Chai Panchayat

चुस्की की चौपाल, मुद्दे की पड़ताल

Recent Posts

जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस की वर्दी पहने युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

39 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के साथ जाता दिखा संदिग्ध, कई टीमें तलाश…

4 hours ago

भरोसे का कत्ल… परिचित चेहरों के पीछे छिपे खतरनाक इरादे

भरोसे के रिश्तों में छिपा खौफ, मासूमों की हत्या के पीछे अपनों के चेहरे Ashutosh…

6 hours ago

चौरी चौरा का हो रहा सर्वांगीण विकास : विधायक ई. सरवन निषाद

जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश गोरखपुर। चौरी…

8 hours ago

गुरु पूर्णिमा की व्यस्तता के बीच सीएम योगी ने लगाया जनता दर्शन, 200 लोगों की सुनी समस्याएं

हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री गंभीर रोगियों के इलाज…

8 hours ago

भारत के खिलाफ साजिशों को समझना होगा, सतर्क रहें नागरिक : सीएम योगी

सनातन संस्कृति और भारत की प्रगति यात्रा को बाधित करना चाहती हैं कुछ ताकतें गोरखनाथ…

8 hours ago

पुरवाई लोक कला सम्मान के लिए रामदरश शर्मा और पवन पंक्षी चयनित

दो अगस्त को गोरखपुर में होगा सम्मान समारोह, डॉ. राजीव केतन की स्मृति में मिलेगा…

11 hours ago