Categories: NationalPolitics

युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन माफिया प्रवृत्ति : योगी

Estimated reading time: 1 minute

नकल, शिक्षा से लेकर ड्रग माफिया तक पर सख्त कार्रवाई का दावा, बोले-युवा के जीवन से खिलवाड़ करने वालों की पूरी संपत्ति होगी जब्त

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है। शिक्षा, नकल, ड्रग, खेल या किसी भी क्षेत्र में माफिया तंत्र का बढ़ना युवाओं के भविष्य के लिए नुकसानदेह है। युवा शक्ति को बचाने के लिए खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा के जीवन से खिलवाड़ करने वाले माफिया के विरुद्ध सरकार कठोर कार्रवाई कर रही है। ऐसे लोगों की पूरी संपत्ति जब्त की जा रही है।
मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में नागपंचमी के अवसर पर खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विजेता और उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके एजेंडे में खेल और युवा नहीं थे। आज जो लोग युवा-युवा चिल्ला रहे हैं, उनके सत्ता में रहते युवाओं के हित में कोई ठोस काम नहीं हुआ। उस समय सबकुछ माफिया की गिरफ्त में था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है।

खेल संस्कृति में आया बड़ा बदलाव
योगी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश की खेल संस्कृति में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद व विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं और ग्रामीण लीग जैसी प्रतियोगिताओं से नई प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिला है। हाल में कामनवेल्थ प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें तीन ने देश के लिए पदक जीते।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सहायक निदेशक से लेकर यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी तक के पद खिलाड़ियों को दिए गए हैं। अगले एक माह में 500 और पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों और यूपी पुलिस में नौकरी देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को छह करोड़, रजत पदक विजेता को चार करोड़ और कांस्य पदक विजेता को दो करोड़ रुपये दिए जाते हैं। ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 10 लाख तथा कामनवेल्थ और एशियाड में प्रतिभाग करने पर पांच-पांच लाख रुपये की सहायता दी जाती है।
निजी एकेडमियों और अखाड़ों को भी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सरकार के साथ समाज और स्वयंसेवी संगठनों को भी आगे आना होगा। निजी एकेडमियां युवाओं को तराशने का काम कर रही हैं, इसलिए सरकार उन्हें सहायता देगी। पुराने उस्तादों के अखाड़ों का पंजीकरण कराने के साथ उनके निर्माण, मैटिंग और अन्य सुविधाओं में सहयोग दिया जाएगा। कोच और मैनेजर की व्यवस्था में भी मदद की जाएगी।
उन्होंने गाजीपुर की खेल प्रतिभाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि ओलंपिक पदक विजेता ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल वहां के निजी स्टेडियम से निकले हैं। इससे साबित होता है कि सरकारी प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।
गांवों से लेकर कमिश्नरी तक खेल सुविधाओं का विस्तार
योगी ने कहा कि सरकार ने खेल के लिए पूरा ईको सिस्टम तैयार करने की दिशा में काम किया है। हर गांव में खेल मैदान, ओपन जिम, प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर जिले में स्टेडियम बनाने का लक्ष्य है। प्रत्येक कमिश्नरी स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज और वहां सेंटर आफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी नहीं थी। मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई गई है, जहां पाठ्यक्रम शुरू हो चुके हैं और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। वर्ष 2030 में भारत में होने वाले कामनवेल्थ गेम्स को देखते हुए खिलाड़ियों की तैयारी अभी से शुरू करने की जरूरत है।
ड्रग और स्मार्टफोन के नशे से बचें युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि खेलों से जुड़ने वाला युवा नशे से दूर रहता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में युवा पीढ़ी दो तरह के नशे से प्रभावित हो रही है। एक ड्रग और दूसरे स्मार्टफोन का। नशा माफिया युवाओं को नशे की गिरफ्त में लेकर देश को कमजोर करना चाहता है। इसके खिलाफ समाज के हर जागरूक नागरिक को लड़ाई लड़नी होगी।
उन्होंने युवाओं से स्मार्टफोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की अपील करते हुए कहा कि फोन पर बिताए जाने वाले समय का बड़ा हिस्सा अनावश्यक होता है। यदि युवा उस समय में से कुछ समय शरीर और खेल के लिए दें तो उनका शरीर और मस्तिष्क दोनों स्वस्थ रहेंगे। इससे वे मानसिक तनाव से भी बच सकेंगे और देश के विकास में बेहतर योगदान दे पाएंगे।
आत्मअनुशासन खिलाड़ी की पहली पहचान
योगी ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए आत्मअनुशासन और आत्मसंयम सबसे जरूरी है। समय पर सोना-जागना, खानपान के नियमों का पालन करना और गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान खिलाड़ी के जीवन का हिस्सा होना चाहिए। पहलवान अखाड़े में प्रवेश से पहले अपने गुरु और उस्ताद को प्रणाम करता है। यह श्रद्धा उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि पुराने पहलवानों और उस्तादों ने सीमित संसाधनों में अपना जीवन तपाया है। यदि उन्हें पर्याप्त संसाधन और प्रोत्साहन मिला होता तो वे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते थे। उन्होंने युवाओं को बजरंगबली की उपासना और सात्विक जीवनशैली से प्रेरणा लेने की बात कही।
जल्द आएगी नई युवा नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई युवा नीति लेकर आने वाली है। इसमें युवाओं के लिए विभिन्न आयोजन और कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित अभ्युदय कोचिंग को प्रत्येक कॉलेज और विश्वविद्यालय तक पहुंचाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि हर जिले में एम्प्लॉयमेंट जोन बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। यहां युवाओं को एक ही छत के नीचे कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
नागपंचमी के आध्यात्मिक महत्व पर भी बोले
मुख्यमंत्री ने नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार की बधाई देते हुए इसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में नाग पंचमी के माध्यम से शक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अवधारणा को देखा गया है। मनुष्य के भीतर मौजूद शक्ति को संतुलित करने में सुषुम्ना नाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका मानी गई है।
आकाश बने उत्तर प्रदेश केसरी, सौरभ ने जीता कुमार का खिताब
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु के फाइनल मुकाबले देखे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब गौतमबुद्ध नगर के आकाश ने जीता। उन्हें 1.01 लाख रुपये और गदा प्रदान की गई। उपविजेता गाजियाबाद के प्रशांत कुमार को 51 हजार रुपये मिले।
उत्तर प्रदेश कुमार का खिताब वाराणसी के सौरभ ने जीता। उन्हें 1.01 लाख रुपये और गदा दी गई। जौनपुर के अमित उपविजेता रहे और उन्हें 51 हजार रुपये मिले। वीर अभिमन्यु का खिताब गाजीपुर के सूरज यादव ने जीता। उन्हें भी 1.01 लाख रुपये और गदा प्रदान की गई। गोरखपुर के जनार्दन यादव उपविजेता रहे और उन्हें 51 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।

तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवानों को भी 25-25 हजार रुपये दिए गए। उत्तर प्रदेश केसरी में मेरठ के अभिषेक खोखर और एनई रेलवे के वीरेश कुमार, उत्तर प्रदेश कुमार में यूपी पुलिस के आयुष और गौतमबुद्ध नगर के देवा तथा वीर अभिमन्यु में वाराणसी के शिवाजीत और शिवम को यह पुरस्कार मिला।
समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है। खेल ढांचे के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिला है। समारोह को कुशीनगर के सांसद विजय दूबे ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Chai Panchayat

चुस्की की चौपाल, मुद्दे की पड़ताल

Recent Posts

लखनऊ विधानसभा से पार्सल का झांसा, पिपराइच विधायक का मोबाइल हैक

जालसाजों ने परिचितों से रुपये मांगने की कोशिश की, विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट…

2 hours ago

एमजीयूजी के पांचवें स्थापना दिवस पर सप्ताहभर होंगे विविध आयोजन

28 अगस्त को मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री एवं कुलाधिपति योगी आदित्यनाथ देंगे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन…

5 hours ago

पैडलेगंज में मुठभेड़ के बाद चेन स्नेचर गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

कांस्टेबल भी घायल, दो चेन, तमंचे और कारतूस बरामद; कैंट क्षेत्र में हुई दो छिनैती…

14 hours ago

बारिश में जलभराव होने पर तुरंत करें फोन, शहरी क्षेत्र में नगर निगम कराएगा जलनिकासी

24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी क्विक रिस्पांस टीम गोरखपुर।…

23 hours ago

सटीक निशाने और संयम से रोहित ने जीता स्नूकर का खिताब

गोरखपुर क्लब टूर्नामेंट के फाइनल में अतुल मेहरोत्रा को दी शिकस्त श्याम बिहारी अग्रवाल ने…

23 hours ago

दिल्ली में सजेगा कैरम का बड़ा मुकाबला, गोरखपुर के सात खिलाड़ी दिखाएंगे दम

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 30वीं…

1 day ago