पैडलेगंज में मुठभेड़ के बाद चेन स्नेचर गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
Estimated reading time: 1 minute
कांस्टेबल भी घायल, दो चेन, तमंचे और कारतूस बरामद; कैंट क्षेत्र में हुई दो छिनैती की घटनाओं का पर्दाफाश
गोरखपुर। कैंट क्षेत्र में महिलाओं से चेन छिनैती कर पुलिस के लिए चुनौती बने दो शातिर बदमाशों को रविवार की देर रात पैडलेगंज के पास पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार यादव भी घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाशों और कांस्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। एसपी सिटी निमिष पाटील के निर्देशन में कैंट क्षेत्र में लगातार हो रही चेन छिनैती की घटनाओं के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय थीं। इसी क्रम में रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि चेन छिनैती की घटनाओं में शामिल दो बदमाश बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कैंट पुलिस, एंटीथेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम ने पैडलेगंज के आसपास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से दो चेन, दो देशी तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। 20 और 29 जुलाई की घटनाओं में थे वांछित गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अजय उर्फ मंगरू पुत्र मंदानी निवासी देउरवीर, थाना गगहा और संजय पुत्र मोहन निवासी कसिहार, थाना बेलीपार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों कैंट क्षेत्र में हुई दो चेन छिनैती की घटनाओं में वांछित थे। 20 जुलाई को पति के साथ सब्जी लेने जा रही महिला और 29 जुलाई की सुबह टहलने निकली महिला से चेन छीनने की घटनाओं में दोनों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के अनुसार अजय और संजय के खिलाफ पहले से ही लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराएं बढ़ाई गई हैं। तमंचे और कारतूस बरामद होने के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कैंट जितेंद्र कुमार, एंटीथेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील राय, उपनिरीक्षक अवनीश पांडेय, रवि प्रकाश कुंवर, नवीन कुमार राय समेत कैंट थाना, एंटीथेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।