शादी समारोह में हुए विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या, एक घायल

0
525

गोरखपुर। खोराबार के लालपुर टीकर में गुरुवार की रात शादी समारोह में नाचने के दौरान हुए विवाद में दिवाकर उर्फ रघुनाथ निषाद(22) पुत्र रविन्द्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि उसका छोटा भाई विकास (20) गोली लगने से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक पूर्व बीडीसी ने अपने लाइसेंसी असलहे से 5 राउंड फायर किया। परिजन घायल विकास को लेकर मेडिकल कालेज गए है। बताया जा रहा है की आरोपित काफी दबंग है।

शादी में हुआ था विवाद, मार दी गोली
लालपुर टीकर गांव निवासी कृष्णा निषाद के घर उसकी बहन की गुरुवार को शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए रविन्द्र निषाद और उनके दोनों बेटे दिवाकर तथा विकास भी गए थे। शादी में पूर्व बीडीसी भी आया। नाचने को लेकर रात करीब 9:30 दिवाकर और उसके दोस्तों से विवाद हो गया। गांव वालों के अनुसार विवाद के बाद दिवाकर, विकास और कुछ अन्य लोग पूर्व बीडीसी के घर पर चले गए। वहां पथराव शुरू कर दिया। तभी पूर्व बीडीसी ने लाइसेंसी असलहे से फायर कर दिया। दिवाकर और उसके भाई घर की तरफ भागने लगे। आरोप है कि पूर्व बीडीसी और उसके बेटे भी दिवाकर के घर पर चढ़ गए। वहां करीब 5 राउंड फायरिंग हुई। फायरिंग में गोली दिवाकर और विकास के पीठ और कंधे के पास लगी। परिजन दोनों को जिला अस्पताल गए। वहां दिवाकर की मौत हो गई। विकास की हालात नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज भेज दिया। गांव में चर्चा है कि रविन्द्र और पूर्व बीडीसी के बीच भूमि का पुराना विवाद भी है। दिवाकर के पिता राजगीर मिस्त्री हैं।

गांव में गोली चली है। एक युवक की मौत हुई है जबकि उसका भाई घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
– सोनम कुमार, एसपी सिटी, गोरखपुर

Leave a Reply