Estimated reading time: 0 minutes
पत्रकारिता के पहरेदार को पालतू बनाने का प्रयास हुआ, दबाव से मुक्त होकर निभाएं पत्रकारिता धर्म
बदलते दौर में पत्रकारिता करना चुनौतीपूर्ण, तेज से अधिक विश्वसनीय होना जरूरी : रत्नाकर सिंह
चौरीचौरा(गोरखपुर)। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को सामने लाना और तथ्यों की गहराई में जाकर सच्चाई उजागर करना है। समय, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ हर पक्ष की पड़ताल कर सच्चाई को समाज के सामने रखना ही सच्ची पत्रकारिता है। यह बातें वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व राज्य सूचना आयुक्त हर्षवर्धन शाही ने रविवार को कहीं।
वह पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश की ओर से शहीद बंधू सिंह के पैतृक गांव डुमरी खास स्थित मैरेज लान में आयोजित ‘वर्तमान पत्रकारिता एवं चुनौतियां’ विषयक संगोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे।
हर्षवर्धन शाही ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए समय और अनुशासन का पालन बेहद जरूरी है। पत्रकारिता में भी समयबद्धता और अनुशासन के साथ गहरी पड़ताल तथा सभी पक्षों से बातचीत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के पहरेदार को पालतू बनाने का प्रयास किया गया है और उसी को समाज के सामने परोसने की कोशिश होती है। ऐसे दौर में पत्रकार का दायित्व और बढ़ जाता है। समाज के पहरेदार के रूप में पत्रकार को समाज की अंतिम पायदान तक पहुंचकर सही तस्वीर सामने लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना किसी लालच, दबाव और भय के पत्रकारिता करने वाला व्यक्ति ही लंबे समय तक विश्वसनीयता कायम रख सकता है।
तेज नहीं, विश्वसनीय होना जरूरी : रत्नाकर सिंह
गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विशिष्ट वक्ता रत्नाकर सिंह ने कहा कि पत्रकारिता के बदलते स्वरूप में पत्रकारिता करना पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। इतिहास में पत्रकारिता के पुरोधाओं ने तमाम कठिनाइयों और संघर्षों के बीच अपनी कलम से सच्चाई को सामने रखा। आज डिजिटल दौर में मीडिया संस्थानों की अपनी सीमाएं और दबाव हैं, लेकिन इनके बीच सामंजस्य बनाते हुए पत्रकारिता धर्म का निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का पहला दायित्व सत्ता से सवाल करना है। पत्रकारिता में तेज होने से अधिक महत्वपूर्ण विश्वसनीय होना है। पत्रकारिता की ताकत आवाज की ऊंचाई में नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई में होती है।
सोशल मीडिया चुनौती, प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम रहेगी : अरविन्द राय
मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के अध्यक्ष अरविन्द राय ने कहा कि पत्रकार बनने के लिए नियमों और अनुशासन का पालन जरूरी है। सोशल मीडिया पत्रकारिता के सामने गंभीर चुनौती के रूप में उभरा है, लेकिन प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता लंबे समय तक बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया सूचनाएं तेजी से पहुंचा सकता है, लेकिन तथ्यों की पुष्टि और विश्वसनीय खबर के लिए पत्रकारिता के स्थापित मानकों का पालन आवश्यक है। उन्होंने यूट्यूबरों से भी नियम और अनुशासन के दायरे में रहकर कार्य करने की अपील की।
विशिष्ट वक्ता मनोज कुमार सिंह ने मौजूदा मीडिया परिदृश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता समय की आवश्यकता है। वहीं डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी ने पत्रकारिता की भूमिका पर विचार रखते हुए प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना की।
खेल, शिक्षा और समाजसेवा की प्रतिभाएं सम्मानित
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें खेल, शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में महिला खिलाड़ी अर्पिता सरोज, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी पुष्पा यादव, किक बॉक्सर मानसी निषाद, हॉकी कोच रीता मिश्रा, ताइक्वांडो कोच गुलशेर सिंह गिल, क्रिकेटर इमरान अली, शाह आलम, एथलीट हरिओम यादव, धाविका स्नेहा यादव, सिद्धि, हरिओम जायसवाल, वंशिका यादव और कैप्टन आद्या प्रसाद दुबे शामिल रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी और डॉ. सतीश यादव, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. ओमशिव मणि और डॉ. शाहनवाज को सम्मानित किया गया। सर्प संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सर्प मित्र पंकज निषाद और अयूब अली को सम्मान मिला।
समाजसेवा के क्षेत्र में एसके शर्मा, सरदार सुखदेव सिंह मजीठिया और अमित जायसवाल सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया। समूह के रूप में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 20 से अधिक महिलाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रेस क्लब के कुशीनगर अध्यक्ष संदीप त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, वीरेश राय सहित अन्य पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष राज अनंत पांडेय ने अतिथियों एवं प्रतिभाओं के प्रति आभार जताया। संचालन प्रेस क्लब के महामंत्री दिलशाद आलम ने किया।
इस अवसर पर ओपी गुप्ता, डॉ. राम प्रताप विश्वकर्मा, प्रमोद जायसवाल, डॉ. अरविन्द कुमार, राजेश जायसवाल, दुर्गेश यादव, सर्वेश त्रिपाठी, अजीत यादव, हरेन्द्र द्विवेदी, सतीश पांडेय, सुनील सिंह सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तैयारी बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा तय, शोधार्थी करेंगे वरिष्ठों की समस्याओं का अध्ययन गोरखपुर।…
लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की फरियाद, अधिकारियों…
सीएम ने बशारतपुर में कल्याण मंडपम का किया लोकार्पण, 130.73 करोड़ की 170 विकास परियोजनाओं…
जनता दर्शन में सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित…
बोले मुख्यमंत्री- शिक्षा से कौशल, नवाचार और उद्यमिता तक बनेगी विकास की नई राह यूपी…
चौरी चौरा(गोरखपुर)। रक्षाबंधन के उल्लास के बीच चौरीचौरा में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल…